शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तारिक रहमान के बांग्लादेश प्रधानमंत्री बनने पर उनसे भारत के साथ संबंधों को मधुर बनाने और हिंदू समुदाय की सुरक्षा की उम्मीद जताई है।
प्रियंका ने कहा कि दशकों बाद बांग्लादेश में पुरुष नेतृत्व लौट रहा है। लोकतंत्र के सिद्धांतों का पालन करते हुए तारिक रहमान को दोनों पड़ोसी देशों के बीच आई खटास दूर करनी चाहिए। उन्होंने पाक प्रायोजित कट्टरवादियों द्वारा हिंदुओं पर किए जा रहे लिंचिंग और हत्या जैसे अपराधों पर रोक लगाने तथा अपराधियों को सजा दिलाने की मांग की।
मोहम्मद युनूस को पाकिस्तान का एजेंट बताते हुए प्रियंका ने आरोप लगाया कि उन्होंने हिंदुओं को निशाना बनाए जाने दिया और हिंसा को बढ़ावा दिया। युनूस का मुख्य उद्देश्य भारत-बांग्लादेश मैत्री को तोड़ना था।
इधर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत प्रवास को सकारात्मक बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत-फ्रांस के बीच मजबूत रक्षा, व्यापार साझेदारी, साझा लोकतांत्रिक मूल्य और वैश्विक व्यापार व्यवस्था पर प्रतिबद्धता से दोनों देशों की प्रगति सुनिश्चित होगी। इससे लोगों का जीवन गुणवत्ता में वृद्धि होगी।