पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मूसलाधार बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों में लगा एक MI-17 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 5 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने बताया कि यह हादसा खराब मौसम के कारण मोहमंद जिले के पंडियाली इलाके में हुआ। हेलीकॉप्टर बाजौर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री ले जा रहा था। इस दुर्घटना में दो पायलटों सहित चालक दल के पांच सदस्यों की मौत हो गई। पीटीआई के अनुसार, हेलीकॉप्टर पेशावर से बाजौर के लिए उड़ान पर था जब मोहमंद कबायली जिले के ऊपर उसका संपर्क टूट गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। उत्तरी पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से पिछले 24 घंटों में 164 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, सबसे अधिक मौतें खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और लोगों से ‘असुरक्षित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने’ से बचने का आग्रह किया है। 2022 की मानसूनी बाढ़ में देश का एक तिहाई हिस्सा डूब गया था और 1,700 लोगों की जान चली गई थी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.