केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने नई दिल्ली में साइक्लिंग लीग ऑफ इंडिया (सीएलआई) के लोगो का विमोचन कर दुनिया की पहली फ्रैंचाइजी-आधारित सड़क साइक्लिंग लीग को हरी झंडी दिखाई। यह कदम साइक्लिंग को भारत में पेशेवर खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा योगदान देगा।
मंडाविया ने कहा, ‘यह भारतीय खेल इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। हम टैलेंट हंट और प्रोफेशनल सिस्टम बना रहे हैं जो युवाओं को फिटनेस और खेल की ओर ले जाएगा। वैश्विक नजरें इस पर टिकेंगी।’
पुणे, अहमदाबाद जैसे इवेंट्स और साप्ताहिक साइकिल राइड्स ने आधार तैयार किया है। यह लीग उस गति को तेज करेगी और साइक्लिंग को लोकप्रिय बनाएगी।
आठ फ्रैंचाइजी में हर टीम के पास दस साइकलिस्ट होंगे, जिनमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनुभव जोड़ेंगे और जूनियर प्रतिभाएं मजबूत होंगी।
प्रतियोगिता तीन फेज में होगी, जिसमें विभिन्न रेस फॉर्मेट दर्शकों को बांधे रखेंगे। यह लीग साइक्लिंग के पुनरुत्थान को मजबूत करेगी और भारत को वैश्विक पटल पर चमकाएगी।