जयपुर में खेले गए रैफल्स सिरमौर कप फाइनल में जयपुर पोलो टीम ने कैरीसिल सुहाना को 14-10 से मात देकर खिताब पर कब्जा किया। इस जीत के साथ टीम ने मौजूदा सीजन में अपना आठवां ट्रॉफी अपने नाम किया। छह चक्करों तक चले मुकाबले में आक्रमण और रक्षा का बेहतरीन संतुलन दिखा।
कैरीसिल सुहाना ने पहले चक्कर में आक्रामक शुरुआत की और 3-1 से आगे हो गई। जयपुर ने दूसरे चक्कर में रफ्तार पकड़ी, पजेशन पर नियंत्रण किया, फिर भी हाफटाइम में 4-3 से पीछे रही।
मैच का टर्निंग पॉइंट तीसरा चक्कर था जहां जयपुर ने धमाकेदार कमबैक किया। लांस वॉटसन की अगुवाई में तेज हमलों ने स्कोर 8-6 कर दिया। मैनुअल फर्नांडेज लोरेंटे का योगदान भी उम्दा रहा।
चौथा चक्कर रक्षात्मक जंग का रहा, जहां स्कोर अपरिवर्तित रहा। जयपुर ने संयमित खेल दिखाते हुए पकड़ मजबूत की।
पांचवें चक्कर की धुंआधार रनिंग से जयपुर 11-6 से आगे निकली। आखिरी चक्कर में सुहाना ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन जयपुर ने 14-10 से मुकाबला जीत लिया।
वॉटसन ने नौ गोल ठोके, लोरेंटे ने चार और महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने एक जोड़ा। तकनीकी कुशलता और आक्रामकता से सजी जयपुर ने एक और ऐतिहासिक जीत हासिल की।