टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबले में चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम ने इटली और कनाडा के बीच जबरदस्त जंग देखी। इटली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 156 रन बनाए और कनाडा को 10 रन से हरा दिया। यह मैच अंत तक रोमांचक रहा।
टॉस गंवाने के बावजूद इटली के सलामी बल्लेबाजों जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने 45 रनों की मजबूत शुरुआत दी। एंथनी 22 (20 गेंद, 3 चौका) और जस्टिन 22 (17 गेंद, 1 छक्का, 2 चौका) रन बनाकर लौटे। फिर जेजे स्मट्स ने मोर्चा संभाला। कप्तान वेन मैडसेन के साथ 33 और नाबाद हैरी मैनेंटी (33, 24 गेंद) संग 41 रन जोड़कर उन्होंने 49 रन (37 गेंद, 6 बाउंड्री) ठोके। कनाडा के गेंदबाज कलीम सना, दिलप्रीत बाजवा, जसकरण सिंह व साद बिन जफर ने विकेट बांटे।
लक्ष्य का पीछा करते कनाडा की जोड़ी युवराज सिंह (33, 23 गेंद: 5 चौका, 1 छक्का) और कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 55 रन जोड़े। बाजवा 37 (34 गेंद, 6 चौका) रन बनाकर नवनीत धालीवाल संग 30 रन और बढ़ाकर 85 पर ले गए। निकोलस किर्टन के 33 रनों के बावजूद टीम 146/6 पर रुक गई। इटली के थॉमस ड्रेका, अली हसन, ग्रांट स्टीवर्ट, स्मट्स व बेन मैनेंटी ने शिकार किए।
यह शानदार प्रदर्शन इटली को 6 फरवरी के यूएई मैच के लिए तैयार करेगा। टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होगा। कनाडा को अंतिम ओवरों में रनों की कमी खली।