शाहिद कपूर की नई फिल्म ‘ओ रोमियो’ विवादों के घेरे में फंस गई है। 13 फरवरी की रिलीज से ठीक पहले हुसैन ‘उस्तारा’ शेख की बेटी सनोबर ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका ठोक दी है। उन्होंने मांग की है कि फिल्म पर स्थगन आदेश जारी हो, क्योंकि ट्रेलर में उनके पिता की छवि को विकृत कर गैंगस्टर बना दिया गया है। सनोबर बताती हैं कि उनके पिता अपराध रोकने में पुलिस के सहयोगी थे, न कि कोई अपराधी।
याचिका में कहा गया है कि शाहिद के किरदार ने उनके पिता के जीवन को तोड़-मरोड़कर पेश किया है, जो हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से लिया गया लगता है। निर्देशक विशाल भारद्वाज और जैदी के खिलाफ पुलिस शिकायत भी दर्ज हो चुकी। सनोबर ने चेतावनी दी कि रिलीज से परिवार की इज्जत को ठेस पहुंचेगी।
आज सुनवाई के दौरान कोर्ट फैसला ले सकता है। फिल्म टीम का दावा है कि यह काल्पनिक कहानी है, जिसमें वास्तविक घटनाओं का सिर्फ कुछ हिस्सा इस्तेमाल हुआ। जैदी ने मीडिया से कहा कि विशाल ने अपनी रचनात्मकता से इसे नया रूप दिया। तृप्ति डिमरी के साथ शाहिद की जोड़ी को लेकर जोश था, लेकिन अब अनिश्चितता है। हाल के ‘घूसखोर पंडत’ कंट्रोवर्सी के बाद यह घटना बॉलीवुड को सतर्क कर रही है। रिलीज होगी या नहीं, यह तो कोर्ट बताएगा।