गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइटक्लब में लगी भयावह आग ने 25 लोगों की जान ले ली, जिसके बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सरकार ने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
पुलिस ने बताया कि आग की घटना में मारे गए सभी 25 शवों को गोवा मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) बाम्बोलिम पहुंचाया गया है। फिलहाल, शवों की पहचान का कार्य जारी है और प्रशासन जल्द से जल्द पीड़ितों की शिनाख्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने आग लगने के पीछे की चौंकाने वाली वजह बताई है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, किसी कार्यक्रम के दौरान पाइरो गन का इस्तेमाल किया जा रहा था, और उसी से निकली चिंगारी से आग भड़की। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “डांसर परफॉर्म कर रहा था और म्यूजिक चल रहा था। तभी पाइरो गन से चिंगारी निकली और शायद लकड़ी की छत पर गिरी। कुछ ही मिनटों में आग इतनी फैल गई कि लोग बाहर भी नहीं निकल पाए। क्लब का किचन बेसमेंट में था और निकलने का कोई रास्ता नहीं था।”
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मदद का आश्वासन दिया है। इससे पूर्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।