नागपुर में शनिवार रात कोराडी मंदिर के निर्माणाधीन गेट का एक हिस्सा गिरने से 15-16 मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना रात 8 बजे के आसपास हुई। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। NDRF और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुट गई हैं। नागपुर के डीएम विपिन इटनकर ने बताया कि, ‘स्लैब के लिए आरसीसी (रीइन्फोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट) डालते समय यह हादसा हुआ। काम कर रहे मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। NDRF, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं।’ डीएम ने यह भी कहा कि मलबे को हटाने का काम मशीनों की मदद से किया जा रहा है। कई लोगों के गेट के नीचे फंसे होने की आशंका है। NMRDA कमिश्नर संजय मीना ने बताया कि हादसे की सही वजह जानने के लिए जांच की जाएगी। 5वीं बटालियन NDRF के इंस्पेक्टर कृपाल मुले ने कहा कि ‘जब हमारी टीम मौके पर पहुंची तो ढांचा पूरी तरह से गिर चुका था। हमें बताया गया कि सभी घायल हो गए थे, लेकिन सभी को बचा लिया गया… किसी के फंसे होने की खबर नहीं है। हमने पहले मैनुअली तलाशी ली, फिर डॉग स्क्वॉड की मदद ली। फिलहाल यहां कोई फंसा हुआ नहीं लग रहा है।’ उन्होंने अनुमान लगाया कि यह हादसा उपकरणों की वजह से हुए कंपन के कारण हुआ हो सकता है, जिसकी वजह से पूरा ढांचा एक साथ गिर गया। घटनास्थल पर 4-5 फीट तक मलबा जमा हो गया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.