भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक नया अध्याय जुड़ गया। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को फाइनल में पहली पारी की बढ़त से हराकर रणजी ट्रॉफी 2025-26 का खिताब जीत लिया। ड्रॉ समाप्त हुए मुकाबले में 291 रनों की लीड निर्णायक साबित हुई।
टीम की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर जेकेसीए के हेड अनिल गुप्ता भाव विभोर हो गए। उन्होंने डॉ. जितेंद्र सिंह को फोन कर खुशी से चिल्लाए, ‘डॉक्टर साहब हम जीत गए!’ 67 वर्षों का सूखा समाप्त करने वाली यह जीत जश्न का विषय बनी।
पीएम मोदी ने एक्स पर बधाई संदेश जारी किया। उन्होंने इसे जम्मू-कश्मीर के खेल उत्साह और प्रतिभा का प्रमाण बताया, जो युवाओं को प्रोत्साहित करेगा।
पहली पारी में बल्लेबाजों का जलवा रहा। 584 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा किया गया। शुभम पुंडीर (121), यावर हसन (88), पारस डोगरा (70) ने योगदान दिया। कर्नाटक की पारी 293 पर रुकी, मयंक अग्रवाल के 160 के बावजूद औकिब नबी डार के 5 विकेट ने खेल पलट दिया।
दूसरी पारी में कमरान इकबाल की नाबाद 160 रनों (311 गेंद) और साहिल लोत्रा की 101 रनों की पारी ने मुकाबले को ड्रॉ कराया। जम्मू-कश्मीर का यह सफर संघर्ष, समर्पण और सफलता की मिसाल है।