नागरिकों की सुविधा के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नया कदम उठाया है। डेल्सा और एनआईसी के साथ मिलकर ‘डिजिटल लोक अदालत’ एप शुरू किया गया, जिसका उद्घाटन दिल्ली हाईकोर्ट जज वी. कामेश्वर राव और डेल्सा चेयरमैन ने किया। यह ऐप ट्रैफिक चालानों को जल्दी सुलझाने का माध्यम बनेगा।
परंपरागत लोक अदालतों में अपडेट की प्रतीक्षा लंबी होती थी। अब ऐप से चालान डेटा तत्काल उपलब्ध होगा, वाहन स्वामियों को एसएमएस अलर्ट मिलेंगे और वर्चुअल सिस्टम से जुड़ाव हर प्लेटफॉर्म पर अपडेट दिखाएगा। मैन्युअल काम घटेगा, त्रुटियां रुकेंगी।
स्पेशल लोक अदालत में लागू हो चुका यह सिस्टम 1,92,444 चालानों का बल्क सेटलमेंट कर चुका है। मालिकों को तुरंत सूचना एसएमएस से पहुंची। बैकलॉग कम होगा, निपटारा तेज होगा और प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
ट्रैफिक पुलिस स्मार्ट तकनीक से सड़क सुरक्षा बढ़ाने और बेहतर सेवाएं देने को तैयार है, जिससे दिल्लीवासियों को राहत मिलेगी।