बालोद जिले का सियादेवी जलाशय अब साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनने को तैयार है। प्रशासन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट 13 फरवरी से शुरू हो चुका है, जो 15 तक चलेगा। बैंबू राफ्टिंग, हॉट एयर बलून राइड और बोटिंग जैसी गतिविधियों से पर्यटकों में उत्साह का संचार हो रहा है।
प्रकृति की गोद में बसे इस जलाशय पर जंगल और पहाड़ियां चारों ओर बिखरी हैं। फेस्ट का शुभारंभ स्व सहायता समूह की महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ। स्टॉलों पर स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजन और उत्पादों ने आकर्षण बढ़ाया। बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यटन स्थल शासन के सहयोग से तेजी से विकसित हो रहा है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के अनुसार, सियादेवी का धार्मिक महत्व होने से पर्यटक आते रहते हैं। इको टूरिज्म फेस्ट से वनवासियों को रोजगार मिलेगा। बैंबू राफ्ट सहित सभी व्यवस्थाएं महिलाओं द्वारा संचालित हैं।
बस्तर स्टाइल राफ्टिंग का रोमांच, आकाश में बलून की सैर और नदी पर बोटिंग का आनंद। यह प्रयास पर्यटन बढ़ाने के साथ ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा। बालोद पर्यटन हब के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है।