पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अंतरिम बजट में लक्ष्मी भंडार योजना को मजबूत करते हुए प्रत्येक महिला लाभार्थी के भुगतान में 500 रुपये की बढ़ोतरी की है। सामान्य श्रेणी की महिलाओं का भत्ता 1000 से 1500 रुपये और एससी-एसटी का 1200 से 1700 रुपये हो गया। 15 हजार करोड़ की राशि इसकी मजबूती का प्रमाण है।
राज्य कर्मचारियों के लिए डीए में 4 प्रतिशत की वृद्धि से राहत मिलेगी। ‘बांग्लार युवा साथी’ योजना से 21 से 40 साल के माध्यमिक उत्तीर्ण युवाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देकर बेरोजगारी पर अंकुश लगाने का वादा किया गया, जो चुनाव के बाद 15 अगस्त से चलेगी।
सिविक वॉलंटियर्स, ग्रीन पुलिसकर्मियों और शिक्षा बंधुओं को 1000 रुपये अतिरिक्त मानदेय (150 करोड़ प्रावधान) तथा सातवें वेतन आयोग की सौगात दी गई।
4600 करोड़ के इस वोट-ऑन-अकाउंट से सरकार ने चुनावी वातावरण में कल्याणकारी छवि मजबूत की है। पूर्ण बजट चुनाव परिणामों के बाद आएगा, जो राज्य की आर्थिक दिशा निर्धारित करेगा।